सुनील कुमार नायक जो की बिहार के अग्निश्मन विभाग के आईजी है उनको पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है आपको बता दें की सुनील कुमार नायक बेतिया एसपी के रूप में पदस्थापित रहे है और काफी चर्चित रहे है।
हालाँकि इनका पूरा कार्यकाल विवादों और कूटनीति से भरा रहा है लेकिन इनके कार्यकाल मे कानून व्यवस्था पर काफ़ी बेहतर रही थी।
वर्तमान मे जिस मामले मे उन्हें गिरफ्तार किया गया है वह मामला आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिला मे 2021 में घटित हुआ था जिसमे के. रघुरमा कृष्णा राजू (जो उस समय सांसद थे और बाद में राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष बने) को CID पुलिस ने गिरफ्तार किया था राजू ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार होने के बाद उन्हें हिरासत में मारपीट और प्रताड़ित किया गया, और उनकी जान लेने का प्रयास भी किया गया।
इस मामले मे सोमवार को आंध्र प्रदेश पुलिस की एक विशेष टीम ने पटना स्थित आवास पर छापेमारी कर बिहार अग्निशमन विभाग के महानिरीक्षक सुनील कुमार नायक को अपनी हिरासत में ले लिया। 2010 बैच के इस अधिकारी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है।
आंध्र पुलिस आज उन्हें पटना की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी, ताकि उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश ले जाया जा सके।
वर्ष 2013 के आसपास उन्होंने लगभग दो वर्षों तक बेतिया (पश्चिम चंपारण) के एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। बेतिया में उनका कार्यकाल न केवल लंबा रहा, बल्कि वह बेहद सुर्खियों और विवादों से भी घिरा रहा। उनकी रणनीति पुलिसिया हलकों में जितनी सराही जाती थी, मानवाधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं के लिहाज से उतनी ही विवादित भी मानी जाती थी।






