त्योहारों का मौसम आते ही लोगो के स्वास्थ्य के प्रति सजग हुये अधिकारी जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जाँच

बेतिया के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिले के सभी अनुमंडलों में एक साथ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसके तहत मिष्ठान प्रतिष्ठानों, स्वीट मेकिंग यूनिट, होटलों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की गहनता से जांच की गई।

बेतिया सदर अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी श्री विकास कुमार, नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी श्री अभिजीत गोविन्दा तथा बगहा अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी के नेतृत्व में जांच अभियान संचालित किया गया।

इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर श्री विकास कुमार द्वारा बेतिया शहर स्थित किशन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एवं अरोड़ा स्वीट्स प्रतिष्ठान के साथ-साथ उनके स्वीट मेकिंग यूनिट एवं गोदामों का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, रसोई की स्थिति, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं। संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को कमियों को अविलंब दूर करने तथा स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही कमियों को लेकर इन्हें नोटिस भी किया जाएगा। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, बेतिया भी उपस्थित रहे।

अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी द्वारा बगहा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर 13 दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त निर्धारित मानकों के अनुरूप साफ-सफाई नहीं पाए जाने पर 8 दुकानों तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री करते पाए जाने पर एक दुकान को नोटिस जारी किया गया।

सभी संबंधित दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि वैध खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद ही प्रतिष्ठानों का संचालन पुनः शुरू किया जा सकेगा।

अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर श्री विकास कुमार ने कहा कि मिष्ठान प्रतिष्ठानों, स्वीट मेकिंग यूनिट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का इस प्रकार का औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेगा। आगामी निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में खाद्य गुणवत्ता से संबंधित अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *