तेज रफ़्तार ने दो को कुचला बच्ची समेत महिला की हुई मौत

                   भंगहा थाना के नगरदेही गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे टहल रही महिला और बच्ची को रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को इनरवा बाजार अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही दोनों की मौत हो गयी । जिसके बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतकों की पहचान चंद्रप्रकाश पासवान की पुत्री आरती कुमारी और हरिशंकर प्रसाद के पत्नी निर्मला देवी के रूप में हुई है।

                  घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि रोजाना गांव की महिलाएं और बच्चे सुबह के समय सीमा सड़क पर टहलने जाते हैं। बुधवार को भी करीब एक दर्जन लोग टहल रहे थे तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरी और महिला व बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर गांववाले घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा था जिसे  ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

          ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक की पहचान भंगहा थाना क्षेत्र के सेढ़वा गांव निवासी शिव साह के रूप में हुई है। चालक मुकेश सहनी भंगहा से धान लोडकर इनरवा बाजार स्थित व्यापारी के यहां पहुंचाने जा रहा था। इस सम्बन्ध में भंगहा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि, आरोपी चालक मुकेश सहनी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने लाया गया है। मृतकों के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

3 thoughts on “तेज रफ़्तार ने दो को कुचला बच्ची समेत महिला की हुई मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *