जिले के अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर चलाया विशेष अभियान और दिया तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश साथ ही तंबाकू सेवन नहीं करने की दिलाई शपथ, युवाओं को लत से दूर रहने के लिए किया गया प्रेरित
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सोमवार को पश्चिम चम्पारण जिले में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के कई अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर तंबाकू निषेध को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, एनसीडीओ डॉ. मुर्तज़ा अंसारी, मनोवैज्ञानिक अभिषेक कुमार तथा पैरामेडिकल के प्रिंसिपल कुंतल भूषण ने अपने सहयोगियों के साथ किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं, अस्पताल कर्मियों एवं आम नागरिकों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है। लोगों को इस घातक लत से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल कर्मियों एवं उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ बनाने के लिए तंबाकू के खिलाफ जनजागरूकता बेहद आवश्यक है।
स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों में भी चला विशेष अभियान
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत जिले के विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीएचओ, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। धूम्रपान से बचाव, तंबाकू त्याग और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को आवश्यक परामर्श दिया गया।
मनोवैज्ञानिक वरुण कुमार एवं अभिषेक कुमार ने बताया कि तंबाकू सेवन से हर वर्ष लाखों लोगों की मृत्यु कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के कारण होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज को तंबाकू मुक्त बनाना तथा खासकर युवाओं को इसकी लत से बचाना है।
जिलेभर में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने तंबाकू के खिलाफ जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।







