बगहा से एक बड़ी ख़बर आ रही है जहाँ मेला देखने गए युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। मृतक के परिजनों का आरोप है की उसके दोस्तों पर हीं निर्मम हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है। पुलिस द्वारा आरोप के आधार पर जाँच शुरू कर दी है और साथ ही शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार स्थित सरेह में बुधवार की सुबह एक युवक का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के चंद्रौल गांव निवासी रंगीला यादव के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बथवरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। वहीं SDPO के निर्देश पर FSL की टीम औऱ पुलिस साक्ष्य इकट्ठा करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि रंगीला यादव गोरखपुर में रहकर मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को वह गोरखपुर से अपने घर चंद्रौल आया था। शाम में वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शेरा बाजार में लगे मेला देखने गया था। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
मोबाइल लोकेशन और स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर शेरा बाजार से दूर सरेह स्थित एक आम के पेड़ से उसका शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बता दें की मृतक के परिजनों ने दोस्तों द्वारा हीं युवक की निर्मम तरीकों से हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रंगीला के गले में गमछा बांधकर उसे पेड़ से लटकाया गया है । यहीं वज़ह है की परिजनों ने आशंका जताया है कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर उसके दोस्तों ने हीं इस वारदात को अंजाम दिया है। रंगीला दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था।
इधर बथवरिया थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया है कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा औऱ परिजनों के फर्द बयान समेत लिखित आवेदन पर केस दर्ज़ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






