नरकटियागंज में निगरानी विभाग ने बुधवार को पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि नल-जल योजना के संवेदक परवेज कौशर से 78 हजार रुपये के मेंटेनेंस भुगतान के बदले 28 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी। परेशान होकर संवेदक ने 27 जुलाई को विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन के बाद टीम ने मलदहिया मदरसा में आयोजित सहयोग शिविर में जाल बिछाया और पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेते ही पंचायत सचिव को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद विजिलेंस ने उनके आवास पर भी छापेमारी कर जरूरी दस्तावेज जब्त किए। विजिलेंस के डीएसपी कृपाल चंद्र जायसवाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






