विदेशी फंडिंग के आरोप मे सोनिया गांधी को गिरफ्तार क्यों नहीं करती सरकार? पप्पू यादव का केंद्र पर तीखा हमला, जांच एजेंसियों को लेकर उठाए सवाल!
सोनिया गांधी पर विदेशी फंडिंग के आरोप को लेकर अब पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है। पप्पू यादव ने सरकार से ऐसा सवाल पूछ लिया है, जिसने एक बार फिर सियासी गलियारों में बहस छेड़ दी है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल पूछा है कि अगर सोनिया गांधी के खिलाफ विदेशी फंडिंग के आरोप सही हैं, तो आखिर पिछले 12 वर्षों से सत्ता में बैठी सरकार ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की?
आखिर जांच एजेंसियां क्या कर रही हैं?
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोनिया गांधी के पास कथित विदेशी फंड होने के आरोपों पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास सीबीआई, ईडी, आईबी जैसी तमाम जांच एजेंसियां मौजूद हैं। अगर सरकार के पास ठोस सबूत हैं, तो कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है?
उन्होंने कहा की सिर्फ आरोप लगाना, मीडिया में बहस कराना और राजनीतिक माहौल बनाने के पीछे आखिर क्या मकसद है और सरकार ऐसा क्यूँ कर रही है। पप्पू यादव ने अपने बयान में सवाल उठाया की आखिर सरकार के 12 साल से कार्यकाल को लेकर उठाया। उन्होंने पूछा कि जब केंद्र में इतने लंबे समय से सरकार है, जांच एजेंसियां भी उसके पास हैं, तो फिर अब तक इस मामले में निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
सरकार के बारह साल के कार्यकाल पर सवाल
उन्होंने कहा की अगर आरोप गंभीर हैं, तो जांच होनी चाहिए, सबूत सामने आने चाहिए और कानून के मुताबिक कार्रवाई भी होनी चाहिए। लेकिन केवल आरोपों के आधार पर राजनीतिक माहौल बनाना क्या उचित है?
जनता का ध्यान भटकाने का आरोप
पप्पू यादव ने इस पूरे प्रकरण को मीडिया ट्रायल बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के नैरेटिव तैयार कर रही है। उनका कहना है कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और जनता से जुड़े कई अहम सवाल हैं, लेकिन उन पर चर्चा करने के बजाय दूसरे मुद्दों को हवा दी जा रही है। हालांकि, विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों की सच्चाई जांच और आधिकारिक तथ्यों से ही स्पष्ट होगी।
सरकार की जवाबदेही पर बड़ा सवाल
अब इस पूरे मामले में सवाल सिर्फ सोनिया गांधी पर लगे आरोपों का नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही का भी है। यदि आरोपों में दम है तो जांच और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। और यदि आरोप निराधार हैं तो सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।
लेकिन सवाल यह भी है कि क्या राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की लड़ाई में जनता से जुड़े असली मुद्दे पीछे छूटते जा रहे हैं?
नोट :- विदेशी फंडिंग को आरोप के रूप में ही रखा गया है, स्थापित तथ्य के रूप में नहीं। पप्पू यादव के बयान और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी हम नहीं करते।






