बेतिया से गोपालगंज जाना होगा मुश्किल बंद रहेगा मंगलपुर–विशुनपुरा पुल

            आपको बता दे की 45 दिनों तक बंद रहेगा मंगलपुर–विशुनपुरा पुल! जिससे बेतिया गोपालगंज के बीच सफर करने वालो की परेशानी बढ़ेगी।

बेतिया से गोपालगंज सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है। अगर आप मंगलपुर–विशुनपुरा पुल से होकर गुजरते हैं, तो सावधान हो जाइए! क्योंकि अगले 45 दिनों तक इस पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। गंडक नदी पर स्थित मंगलपुर–विशुनपुरा पंचायत के उच्चस्तरीय आरसीसी पुल की मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है।

            मिली जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 10 नवंबर 2026 से 24 दिसंबर 2026 तक मंगलपुर–विशुनपुरा पुल पर सभी प्रकार के आवागमन पर रोक रहेगी। यानी करीब 45 दिनों तक इस पुल से होकर वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।

दरअसल, गंडक नदी पर बने इस महत्वपूर्ण पुल की मरम्मत का काम कराया जाना है। मरम्मत कार्य के दौरान किसी तरह की दुर्घटना या जान-माल के नुकसान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पुल को बंद रखने का निर्णय लिया है।

वैकल्पिक रास्ता कौन सा होगा?

पुल बंद रहने के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है। जानकारी के अनुसार, गोपालगंज से मोहम्मदपुर होते हुए बजुरिया के रास्ते पिपराकोठी जाने वाले मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में चिह्नित किया गया है। ऐसे में इस इलाके से गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

प्रशासन की अपील:

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यात्रियों से भी अपील है कि वे बंद पुल की ओर जाने से बचें, यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

        हालांकि पुल की मरम्मत जरूरी है, लेकिन सवाल यह भी है कि 45 दिनों तक पुल बंद रहने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को कितनी परेशानी होगी? क्या प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग पर यातायात की पर्याप्त व्यवस्था की है? क्या एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *