जिले मे बार बार ऑर्केस्ट्रा से नाबालिकों को पुलिस द्वारा पकडे जाने के बाबजूद नहीं रूक रहा है धंधा
आखिर किसके संरक्षण की वजह से ऐसे अपराधियों को नहीं है पुलिस का डर
एक बार फिर बेतिया जिले के योगापट्टी प्रखंड मे आर्केस्ट्रा की आड़ मे नाबालिकों से देह व्यापार के अंदेशा मे पुलिस ने शनिवार को शनिचरी थाना क्षेत्र स्थित बहुअरवा गांव में चाइल्ड हेल्पलाइन और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त टीम के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुये छापेमारी कर 6 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। पुलिस ने इसके साथ ही ऑर्केस्ट्रा संचालक रामबाबू गुप्ता समेत करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस सम्बन्ध मे चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर के डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर आलोक कुमार ने बताया कि इस मामले की सूचना पटना की मुक्ति फाउंडेशन से मिली थी। सूचना के बाद प्रयास जैक संस्थान के डीसी पवन कुमार, सपोर्ट पर्सन शालिनी कुमारी तथा ग्राम नियोजन केंद्र नरकटियागंज के अरविंद कुमार पांडे के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद जिला प्रशासन और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के सहयोग से शनिवार रात करीब ढाई बजे बहुअरवा गांव में छापेमारी की गई।
बताया जा रहा है की रेस्क्यू की गई सभी लड़कियां नाबालिग हैं। इनमें पांच लड़कियां पश्चिम बंगाल की है जबकि एक लड़की बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली है।लड़कियों ने बताया कि उन्हें रोजगार का झांसा देकर यहां बुलाया गया था, लेकिन बाद में उनसे जबरन गलत काम कराया जाने लगा।
इस सम्बन्ध मे प्रयास संस्था की सपोर्ट पर्सन शालिनी कुमारी ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान लड़कियां ऑर्केस्ट्रा संचालक और उसके सहयोगियों के साथ मिलीं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू की गई लड़कियों में एक गर्भवती भी है। फिलहाल सभी लड़कियों को प्रशासनिक संरक्षण में रखकर उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है।
आगे देखना यह है की क्या पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा कब तक कर पाती है। साथ ही यह भी देखना होगा की भविष्य मे जिले मे इस धंधे पर लगाम लगेगा या बदस्तूर जारी रहेगा।






