शनिवार को वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के बाहर एक ऐसी घटना हुई जिसने कुछ समय के लिए वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच अफरा तफरी का माहौल हो गया । जानकारी के मुताबिक मंदिर के गेट नंबर 4 पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पीएसी सिपाही की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। बड़ी बात यह रही कि गोली किसी व्यक्ति को सीधे नहीं लगी ना ही किसी प्रकार की जनहानि हुई । गोली सड़क पर लगने के बाद उसके पत्थर और गिट्टियां उछलकर आसपास खड़े तीन लोगों को लगीं जिससे वे घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उनका ईलाज किया सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है।
घटना के सम्बन्ध मे बता दें की जब मंदिर के गेट नंबर 4 पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक पीएसी जवान अपनी ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान उसकी कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली सड़क पर जाकर लगी लेकिन उसके प्रभाव से सड़क के छोटे-छोटे पत्थर उछलकर आसपास मौजूद लोगों को लगे। इससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सुरक्षा में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सामान्य बनाए रखी गई।
पुलिस घटना के बाद पीएसी जवान को चौक थाना ले जाकर पूरे मामले की जांच कर रही है कि कार्बाइन से गोली आखिर किन परिस्थितियों में चली। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कैसे नीचे गिरा और गोली चलने की वजह क्या रही। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह तकनीकी खराबी थी, लापरवाही थी या कोई अन्य कारण सामने आता है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






