पैक्सों पर लाखों का कैश क्रेडिट बकाया अध्यक्षों और प्रबंधकों से वसूली की तैयारी

                  नेशनल सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बेतिया मे पैक्सों पर लाखों रुपये के बकाया है जिसको अध्यक्षों और प्रबंधकों से होगी वसूलने के लिये इनपर वाद दायर करने की तैयारी मे है बैंक

पश्चिम चंपारण के सहकारिता क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। दी नेशनल सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बेतिया ने कई पैक्सों के अध्यक्षों और प्रबंधकों से लाखों रुपये की बकाया राशि वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। मामला पैक्सों को व्यवसाय संचालन के लिए दिए गए कैश क्रेडिट ऋण से जुड़ा है। बैंक का आरोप है कि ऋण की राशि ब्याज सहित वापस जमा नहीं की गई है। अब इस रकम की वसूली के लिए बिहार सहकारिता अधिनियम 1935 की धारा 48 के तहत वाद दायर करने की मांग की गई है।

             दरअसल, दी नेशनल सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बेतिया के प्रबंध निदेशक की ओर से निबंधक, सहयोग समितियां, बिहार, पटना को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

            पत्र में कहा गया है कि बैंक द्वारा विभिन्न पैक्सों को व्यवसाय के लिए कैश क्रेडिट ऋण उपलब्ध कराया गया था, लेकिन संबंधित पैक्सों के अध्यक्षों और प्रबंधकों द्वारा ऋण की राशि ब्याज सहित जमा नहीं की गई।

बैंक ने ऐसे बकायेदारों से राशि की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

पहला मामला मैनाटांड़ प्रखंड के सकरौल पैक्स का है, जहां 7 लाख 28 हजार 291 रुपये बकाया बताए गए हैं। दूसरा मामला डमरापुर पैक्स का है, जहां 4 लाख 98 हजार 696 रुपये 97 पैसे बकाया हैं। नौतन प्रखंड के श्यामपुर कोतरांहा पैक्स पर 3 लाख 8 हजार 339 रुपये 86 पैसे बकाया हैं। दक्षिणी तेलुआ पैक्स पर सबसे अधिक 15 लाख 88 हजार 377 रुपये 5 पैसे की बकाया राशि दर्ज है। वहीं उत्तरी तेलुआ पैक्स पर 6 लाख 98 हजार 240 रुपये 88 पैसे और गहिरी पैक्स पर 15 लाख 10 हजार 75 रुपये 49 पैसे बकाया बताए गए हैं। इसके अलावा नौतन प्रखंड के धुमनगर पैक्स का नाम भी इस सूची में शामिल है, जिसपर बैंक का लगभग सत्ताइस लाख बकाया है।

          सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पैक्सों को व्यवसाय के लिए दिया गया कैश क्रेडिट ऋण निर्धारित समय पर वापस क्यों नहीं किया गया?

क्या ऋण की राशि का सही तरीके से व्यवसाय में इस्तेमाल हुआ था? अगर राशि का गबन हुआ है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? बैंक ने अध्यक्षों और प्रबंधकों से वसूली के लिए पंचाट वाद दायर करने की मांग तो की है, लेकिन अब देखना होगा कि निबंधक कार्यालय की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

फिलहाल यह मामला पश्चिम चंपारण के सहकारिता विभाग और पैक्स व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोप अभी जांच और कानूनी प्रक्रिया के विषय हैं। संबंधित लोगों का पक्ष और विभागीय कार्रवाई सामने आना भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *